उत्तर प्रदेश

रिश्तों का कत्ल चित्रकूट में संपत्ति विवाद में भाई ने रची हत्या की साजिश

nidhi
25 Aug 2026 1:15 PM IST
रिश्तों का कत्ल चित्रकूट में संपत्ति विवाद में भाई ने रची हत्या की साजिश
x
सीसीटीवी से खुला हत्या

चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मकान और जमीन के लालच में एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि बड़े भाई को अगवा कर उसके साथ मारपीट की गई और फिर गला घोंटकर हत्या कर शव को झांसी के लहचूरा बांध में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई, भतीजे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के बैहार गांव का है। यहां रहने वाले ई-रिक्शा चालक मनोज पाल 19 अगस्त को रोज की तरह घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी से खुला अपहरण का राज
पुलिस जांच में सामने आया कि मनोज पाल का ई-रिक्शा चौहान ढाबे के पास खड़ा मिला था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो एक कार संदिग्ध दिखाई दी। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में पता चला कि वारदात में मनोज पाल का सगा भाई अनिल पाल, उसका बेटा हिमांशु पाल और दो अन्य लोग शामिल थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मकान और जमीन हड़पने के लिए रची साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का मकसद मनोज के नाम दर्ज मकान और जमीन को अपने नाम कराना था। बताया गया कि संपत्ति को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मनोज को अगवा करने के बाद उस पर संपत्ति के कागजात पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। जब उसने इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
झांसी के बांध में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में बंद कर झांसी जिले के लहचूरा बांध में फेंक दिया। पुलिस अब गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कर रही है। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
मनोज पाल की हत्या की खबर सामने आने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि संपत्ति विवाद को लेकर पहले भी तनाव रहता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना
संपत्ति के लालच में अपने ही भाई की हत्या का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि अपराध चाहे कितना भी छिपाने की कोशिश की जाए, तकनीकी जांच और सबूतों के आधार पर आरोपी कानून के शिकंजे में आ जाते हैं।
Next Story