उत्तर प्रदेश

आगरा के व्यापारी और उनकी पत्नी की हत्या, खून से सने मिले दोनों के शव

Rani Sahu
3 July 2022 4:20 PM IST
आगरा के व्यापारी और उनकी पत्नी की हत्या, खून से सने मिले दोनों के शव
x
आगरा के व्यापारी और उनकी पत्नी की हत्या

आगरा। आगरा में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। आगरा के व्यापारी और उनकी पत्नी के दोहरे हत्याकांड से लोग दहशत में हैं। रविवार सुबह गल्ला व्यापारी और उनकी पत्नी का शव घर के कमरे में ही मिला। पुलिस लूट के बाद हत्या की आशंका जता रही है। घटना आगरा के पिनाहट की है। निवासी सुरेश गुप्ता गल्ला व्यापारी हैं। वे पिनाहट के मोहल्ला मार में रहते हैं। रविवार सुबह गल्ला व्यापारी सुरेश गुप्ता और उनकी पत्नी कृष्णा देवी घर से बाहर नहीं आए तो पड़ोसियों ने जाकर देखा। पड़ोसी घर के अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दोनों के शव घर में मिले। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

70 वर्षीय सुरेश गुप्ता गल्ले का काम करते हैं और घर में 65 वर्षीय पत्नी कृष्णा देवी के साथ रहते हैं। उनका बेटा शहर में रहता है। रविवार को 11 बजे तक दोनों पति-पत्नी घर से बाहर नहीं आए तो पड़ोसियों ने जाकर उनका हाल लेना चाहा। पड़ोसियों ने देखा कि घर की एक खिड़की टूटी पड़ी थी। घर की पहली मंजिल पर कमरे के अंदर दोनों के शव खून से सने पड़े थे। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दंपति के बेटे को घटना की जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। जानकारी के अनुसार अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि घर का सामान बिखरा हुआ मिला जिससे लूट के बाद हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। रविवार को हुए इस दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई।


Next Story