उत्तर प्रदेश

Muradnagar: खूनी संघर्ष में दो पक्षों के सात लोग घायल हुए

Admindelhi1
1 March 2025 3:18 PM IST
Muradnagar: खूनी संघर्ष में दो पक्षों के सात लोग घायल हुए
x
"दो पक्षों में खूनी संघर्ष व पथराव हुई"

मुरादनगर: रावली रोड पर रात टेलीफोन एक्सचेंज के पास बृहस्पतिवार रात कार व ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए, दोनों पक्षों में मारपीट हुई और जमकर पथराव हुआ। करीब बीस मिनट तक हुए पथराव में मौके पर अफरा-तफरी मची रही। खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

गोपालपुरम कॉलोनी निवासी रोहित त्यागी कार से बृहस्पतिवार रात करीब सवा दस बजे आर्यन त्यागी के रावली रोड पर जा रहे थे। रावली रोड पर बिलाल मस्जिद के पास पहुंचे तो उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे जा रहे किराना के सामान से भरे ई रिक्शा से जा टकराई। हादसे में ई रिक्शा सवार सुब्हान(9)घायल हो गया। चालक ने कार को साइड में लगा बच्चे को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद रोहित व ई रिक्शा चालक असलम के बीच विवाद हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज व मारपीट शुरू हो गई। असलम पक्ष के लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, इससे करीब बीस मिनट तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर मय पुलिस फोर्स के वहां पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। संघर्ष में रोहित त्यागी, अनिल त्यागी, रंजन त्यागी, राहुल त्यागी, आर्यन त्यागी, निवासी गोपालपुरम व गुलफाम निवासी इंद्रापुरी कॉलोनी घायल हो गये। बताया गया है कि रोहित त्यागी की शुक्रवार को बारात जानी है। एसीपी लिपि नगायच का कहना है कि कार व ई रिक्शा की टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट व पथरॉव हुआ। सब इंस्पेक्टर रामवीर खटाना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मोहम्मद कैफ, जुल्फिकार, रहीसुददीन, अकरम, असलम निवासी इंद्रापुरी को गिरफ्तार किया है।

Next Story