उत्तर प्रदेश

मुलायम सिंह यादव ने वैचारिक पृष्ठभूमि में की थी PM मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना: ब्रजेश पाठक

jantaserishta.com
22 Nov 2026 1:08 PM IST
मुलायम सिंह यादव ने वैचारिक पृष्ठभूमि में की थी PM मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना: ब्रजेश पाठक
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नेताजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक पूरा अध्याय थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में लोकसभा की अंतिम बैठक के दौरान मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की जो कामना की थी, उसके पीछे गहरी वैचारिक पृष्ठभूमि थी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनकी पीढ़ी ने मुलायम सिंह यादव को 'धरतीपुत्र' और 'नेताजी' के रूप में जाना है। हिंदी पट्टी के प्रभावशाली नेताओं में शुमार मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी आंदोलन को मजबूती देने और सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना करने संबंधी मुलायम सिंह यादव के बयान की देशभर में चर्चा हुई थी। इस विषय पर गंभीरता से विचार करने और कई बुद्धिजीवियों से चर्चा के बाद उनका मानना है कि नेताजी के इस वक्तव्य के पीछे एक गहरी वैचारिक पृष्ठभूमि थी।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुलायम सिंह यादव गैर-कांग्रेसवाद की राजनीतिक विचारधारा से निकले नेता थे। उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए यातनाएं सहीं। वह लोकनायक जयप्रकाश नारायण के अनुयायी और डॉ. राममनोहर लोहिया को अपना आदर्श मानते थे। आज गैर-कांग्रेसवाद की विचारधारा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने और लोहिया तथा जेपी के सपनों को साकार करने का प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी कर रही है।
उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया का सपना था कि स्वच्छता, समानता, सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में डॉ. लोहिया के स्वच्छता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि बताया था। उस समय मुलायम सिंह यादव भी सदन में मौजूद थे। गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं इसी विचार को जमीन पर उतारने का प्रयास हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनका मानना है कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने इन्हीं वैचारिक और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना की होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चौधरी चरण सिंह और जननायक कर्पूरी ठाकुर के साथ मुलायम सिंह यादव को भी उचित राष्ट्रीय सम्मान और स्मरण देने का काम किया है। यह उनके योगदान और सार्वजनिक जीवन की विरासत के प्रति सम्मान का परिचायक है।
ब्रजेश पाठक ने मौजूदा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देखकर पीड़ा होती है कि पार्टी का वर्तमान नेतृत्व मुलायम सिंह यादव, जनेश्वर मिश्र, मोहन सिंह और रमाशंकर कौशिक जैसे समाजवादी विचारधारा के पुरोधाओं की परंपरा और राजनीतिक विरासत से दूर होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि नेताजी की जयंती जिस गरिमा, वैचारिक प्रतिबद्धता और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाई जानी चाहिए, वह अपेक्षित रूप में दिखाई क्यों नहीं देती। आज समाजवादी पार्टी में नेताजी के विचारों, संघर्षों, कार्यक्रमों और उनके वास्तविक समाजवाद की चर्चा भी सीमित होती जा रही है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों, सिद्धांतों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का नाम है। सत्ता की राजनीति के लिए सिद्धांतों से समझौता करना राजनीतिक पाप ही नहीं, बल्कि वैचारिक भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story