- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अमृत महोत्सव में...
उत्तर प्रदेश
अमृत महोत्सव में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों को सांसद ने किया सम्मानित
Shantanu Roy
17 Aug 2022 6:55 PM GMT

x
बड़ी खबर
कन्नौज। एक दीप उनके भी नाम सजा के रखना, जिनकी सांसे थम गई देश की रखवाली में। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वतंत्रता सप्ताह एवं हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों का सम्मान करते हुए गौरव का अनुभव हो रहा है। एक पर्व जो सरकारी इमारतों में मनाया जाता था, आज वह प्रत्येक घर में मनाया जा रहा है। देश का बच्चा-बच्चा राष्ट्र को समर्पित है। यह उद्गार सांसद सुब्रत पाठक ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कालेज के ऑडोटोरियम में अलंकरण सम्मान समारोह के दौरान व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश को स्वतंत्र हुए 75 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव बहुत ही व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिर्फ सरकारी इमारतों पर ही झण्डा फहराया जाता था। इस बार प्रधानमंत्री के आवाह्न पर पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ 11 अगस्त से 17 अगस्त 2022 के मध्य किया गया है। यह सप्ताह स्वतंत्रता सप्ताह के रूप में मनाया गया है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को जिस तरह से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का कार्य किया गया है। उससे देश में एक नई देशभक्ति की भावना का संचार हुआ है। मैं उन समस्त अधिकारी, कर्मचारी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इतने कम समय में इस अभियान को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया किया कि आजादी के अमृत महोत्सव अभियान 11 अगस्त से 17 अगस्त 2022 के मध्य स्वतंत्रता सप्ताह के रूप में मनाया गया हैं। जिसमें शिक्षा विभाग का विशेष योगदान रहा हैं। आज इस मंच से अच्छा कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। इस दौरान विधायक छिबरामऊ अर्चना पाण्डेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुये कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक के अन्दर देश के प्रति अटूट प्रेम कूट कूट कर भरा है हमारा हर देशवासी देश को समर्पित है, जिस तरह से आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत हर घर तिरंगा अभियान में प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने का कार्य किया है। वह स्वयं को देश भक्ति में विभोर करने वाला है। कार्यक्रम में विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि इस अभियान को ऐतिहासिक रूप से मनाया गया है। उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित किये जाने कार्य कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करने का कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के अन्तर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम में जनपद के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एव कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से कहा कि 2047 का भारत अब आगे देखना है अभी बहुत कुछ देखना बाकी है। भारत अभी विकासशील देश है इसको विकसित देश बनाना है। सबका साथ-सबका विकास के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब को एकता, एकजुटता के साथ स्वच्छता का भी संकल्प लेना चाहिए। जिलाधिकारी ने सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष को स्मृति चिन्ह के साथ ही अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के अन्तर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, एंव समस्त खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत विभाग, पुलिस विभाग, होमगार्ड विभाग आदि विभिन्न विभागों के 107 अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, घड़ी देकर सम्मानित किया गया ।
Next Story