उत्तर प्रदेश

Loni में मां ने अपनी बेटी की हत्या की, गला दबाने से हुई मौत

Admindelhi1
10 April 2025 3:56 PM IST
Loni में मां ने अपनी बेटी की हत्या की, गला दबाने से हुई मौत
x
"किशोरी के दादा ने बहू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया"

लोनी: कोतवाली क्षेत्र के बाग राणप इलाके में मानसिक रूप से बीमार महिला ने गला दबाकर अपनी 11 साल की बेटी को मौत के घाट उतार दिया। घटना मंगलवार रात की है। इस दौरान घर में मां और बेटी ही थीं। बच्ची का पिता और भाई गुजरात गए थे, जबकि दूसरा भाई मौसी के घर था। किशोरी के दादा ने बहू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने गला दबाने की बात स्वीकर की है।

अब्दुल खालिद परिवार के साथ बाग राणप इलाके में रहते हैं। वह रूपनगर कॉलोनी स्थित सिलाई की फैक्टरी में काम करते हैं। परिवार में पत्नी उजमा, दो बेटे अरहम, अब्दुल रहमान और 11 साल की बेटी आलिया हैं। बुधवार सुबह अब्दुल खालिद के घर से रोने की आवाज आने लगी। पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो पता चला कि आलिया मृत अवस्था में पड़ी हुई हैं। शरीर पर नीले निशान थे। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। अब्दुल अपने बड़े बेटे अरहम को भरुच गुजरात में निजी विद्यालय में पढ़ाई के लिए लेकर गए थे।

खालिद का दूसरा बेटा अपनी मौसी के घर गया हुआ था। आलिया कक्षा सात की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि उजमा मानसिक रूप से कमजोर है। उसका आगरा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंगलवार रात घर पर उजमा और आलिया अकेली थीं। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लिया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि टीम का गठन किया गया है। जांच में सामने आया कि घर पर मां बेटी अकेली थी। घर अंदर से बंद था। छत के सहारे अंदर आने का कोई रास्ता नहीं है। पुलिस का शक महिला की तरफ था। मौत की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार हो रहा था। पुलिस ने खालिद को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने उजमा से पूछताछ शुरू की।

पूछताछ करने में हुई परेशानी: पुलिस महिला से पूछताछ कर रही थी। मानसिक रूप से बीमार महिला बार-बार अलग-अलग बात कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने महिला से रात के बार में पूछा। कुछ देर बाद महिला ने अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या करने की बात कही। इस मामले में आलिया के दादा ने अपनी बहू के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। दादा ने आरोप लगाए हैं कि उनकी बहू ने ही उनकी पोती की गला दबाकर हत्या की है। एसीपी ने बताया कि उजमा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Next Story