- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सीतापुर में 2 लाख से...
उत्तर प्रदेश
सीतापुर में 2 लाख से ज्यादा लोगों को मिला 'अपना घर- मुख्यमंत्री
Shantanu Roy
23 Jan 2023 11:14 AM GMT

x
बड़ी खबर
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने "आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश" के परिकल्पना को साकार करने में सांसद और विधायक गणों से सहयोग का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े पांच-छह वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राजधानी लखनऊ सहित सीतापुर, लखीमपुर, रायबरेली, उन्नाव सहित हर जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास करके औद्योगिक विकास के लिए बेहतर माहौल तैयार किया गया है। आज प्रदेश के हर जिले में औद्योगिक विकास के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। लैंडबैंक है, बेहतर कनेक्टिविटी है, कुशल मानव संसाधन है। प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने का जो लक्ष्य तय हुआ है, उसमें सभी जनप्रतिनिधियों को आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभानी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रविवार को अपने सरकारी आवास पर सीतापुर, लखीमपुर खीरी और रायबरेली जनपद के सांसदों/विधायकों की बैठक में यह बातें कहीं। मुख्यमंत्री जी ने आए हुए सभी जनप्रतिनिधियों का पहले स्वागत किया, उसके बाद सभी सांसदों/विधायकों से एक-एक कर बातचीत की और विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्र का हाल जाना। जनप्रतिनिधियों ने भी विकास परियोजनाओं की वस्तुस्थिति के बारे में बताते हुए जनता की आकांक्षाओं से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया।
नैमिषारण्य के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नैमिषधाम 88 हजार ऋषियों की तपःस्थली है। भारत के सभी वैदिक ग्रन्थों का लेखन नैमिष में ही हुआ है। इसके पौराणिक महत्व को देखते हुए हमारी सरकार ने "श्री नैमिषारण्य तीर्थ विकास परिषद" का गठन किया है। इसका उद्देश्य नैमिषारण्य क्षेत्र को पर्यटन, संस्कृति विशेष रूप से धार्मिक क्रियाकलापों तथा आध्यात्मिक पर्यटन हेतु अवसंरचनात्मक सुविधाओं का विकास करना है। नैमिष के विकास से सीतापुर एवं उसके आसपास के जनपदों के लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना में सीतापुर में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। इस जनपद में 2 लाख से ज्यादा आवास दिए गए हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लखीमपुर खीरी और रायबरेली की भूमि उर्वर है। सरकार यहां के अन्नदाता किसानों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील है और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत लखीमपुर जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक ब्लॉक में किसान कल्याण मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क इको सिस्टम का बड़ा केंद्र है। इसे होटल, रेस्टोरेंट और एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी जी लगातार 'मिलेट उत्पाद को बढ़ावा' दे रहे हैं। इस शृंखला में आज रायबरेली में अंतरराष्ट्रीय मिलेट महोत्सव का आयोजन किया गया। मिलेट अनाज और उसके उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सांवा, कोदो, ज्वार, बाजरा व मक्का जैसे मोटे अनाज सुपर फूड हैं। स्वास्थ्य के लिए उत्तम और खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ाने वाले इन अनाजों के प्रति किसानों के साथ-साथ आम लोगों भी जागरूक किया जाना चाहिए।
Next Story