उत्तर प्रदेश

Moradabad: भाजपा नेता की गाड़ी चेक करने वाले तहसीलदार का तबादला

Admindelhi1
10 March 2026 2:36 PM IST
Moradabad: भाजपा नेता की गाड़ी चेक करने वाले तहसीलदार का तबादला
x

मुरादाबाद: जिले में भाजपा नेता की गाड़ी से खनन वाहनों की चेकिंग करने के आरोप में चर्चा में आए तहसीलदार प्रवीण कुमार का तबादला कर दिया गया है। चुनाव आयोग से अनुमति मिलने के बाद जिलाधिकारी ने उन्हें ठाकुरद्वारा से हटाकर बिलारी तहसील भेज दिया है। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार तहसीलदार प्रवीण कुमार पर आरोप था कि वह भाजपा नेता की गाड़ी में बैठकर उत्तराखंड से आने वाले खनन के डंपरों की चेकिंग कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया और जांच के आदेश दिए गए।

मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। जांच के दौरान तहसीलदार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। इस पर प्रवीण कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी सरकारी गाड़ी खराब हो गई थी, इसलिए उन्होंने भाजपा नेता की गाड़ी से लिफ्ट ली थी।

हालांकि जिलाधिकारी ने आरोपों को गंभीर मानते हुए पहले ही तहसीलदार के वेतन आहरण पर रोक लगा दी थी और शासन को भी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी थी। उस समय प्रवीण कुमार एसआईआर के कार्य में भी लगे थे, इसलिए चुनाव आयोग की अनुमति न मिलने के कारण उनके तबादले का आदेश निरस्त कर दिया गया था।

अब चुनाव आयोग से अनुमति मिलने के बाद प्रशासन ने उनका तबादला कर दिया है। प्रवीण कुमार को बिलारी का तहसीलदार बनाया गया है, जबकि तहसील सदर के तहसीलदार धीरेश कुमार सिंह को ठाकुरद्वारा भेजा गया है। वहीं अंकित गिरी को बिलारी से तहसील सदर स्थानांतरित किया गया है। इस तबादले की पुष्टि एसडीएम प्रीति सिंह ने की है।

Next Story