- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Moradabad: लापरवाही के...
Moradabad: लापरवाही के चलते इंस्पेक्टर आरपी शर्मा सस्पेंड

मुरादाबाद: कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के दौरान विवादों में आए इंस्पेक्टर रामप्रसाद शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी हाजी रिजवान और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
चुनाव के दौरान इंस्पेक्टर शर्मा, थाना मुण्डापांडे के प्रभारी थे, जहां से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर रामवीर सिंह चुनाव लड़ रहे थे। सपा नेताओं ने उन पर भाजपा एजेंट की तरह काम करने, सपा समर्थकों को धमकाने और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था। अखिलेश यादव ने एक वीडियो ट्वीट कर इस पर नाराजगी भी जताई थी।
रेप पीड़िता की रिपोर्ट नहीं लिखी, DIG ने किया सस्पेंड: चुनाव के बाद शर्मा को मुरादाबाद के मझोला थाने का प्रभारी बनाया गया। लेकिन यहां भी उन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा। दरअसल, 28 मई को एक युवती ने DIG मुरादाबाद से शिकायत की थी कि युवक ओमकार ने दहेज मांगने के बाद उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और फिर शादी से इंकार कर दिया।
DIG मुनीराज जी. ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, लेकिन इंस्पेक्टर शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अगले दिन, 29 मई को जब पीड़िता दोबारा DIG ऑफिस पहुंची, तब जाकर केस दर्ज हुआ।
DIG ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और पीड़ित के प्रति संवेदनहीनता मानते हुए इंस्पेक्टर आरपी शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आमतौर पर थाना प्रभारी को निलंबित करने का आदेश एसएसपी या IG स्तर के अधिकारी ही देते हैं, लेकिन यह मुरादाबाद रेंज का पहला मामला है जब DIG ने सीधा निलंबन आदेश जारी किया।





