उत्तर प्रदेश

Moradabad: कंटेनर ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, दोनों की हुई मौत

Admindelhi1
20 Jan 2025 11:32 AM IST
Moradabad: कंटेनर ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, दोनों की हुई मौत
x
भांजे की तहरीर पर पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया

मुरादाबाद; डिलारी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-काशीपुर मार्ग पर नाखूनका गांव के पास कंटेनर ने बाइक को रौंद दिया. हादसे में बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र के गांव सादकपुर निवासी दंपति की मौत हो गई. हादसे का शिकार हुआ दंपति अपने भांजे के बेटे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डिलारी के गांव जटपुरा जलालपुर जा रहा था. हादसे के बाद सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा. पुलिस ने मशक्कत से खुलवाया. भांजे की तहरीर पर पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है.

बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र के गांव सादकपुर उर्फ सुल्ताननगर निवासी यशपाल सिंह चौहान (48 वर्ष) दोपहर पत्नी पाकेश देवी(45 वर्ष) को साथ लेकर बाइक से डिलारी के गांव जटपुरा जलालपुर जा रहे थे. वहां यशपाल सिंह अपने भांजे शिवेंद्र कुमार के बेटे सूर्यांश के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. दोपहर करीब 1230 बजे बाइक काशीपुर-मुरादाबाद हाईवे पर डिलारी थाना क्षेत्र के नाखुनका गांव पहुंची तभी पीछे से आए कंटेनर ने बाइक को रौंद दिया. हादसे में यशपाल सिंह चौहान और उनकी पत्नी पाकेश देवी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से भाग निकला और थोड़ी दूर जाने के बाद जालपुर चौकी के पास कंटेनर छोड़कर खुद फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही एसएचओ डिलारी योगेंद्र सिंह और ठाकुरद्वारा एसएचओ विवेक शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उधर हादसे में दंपति की मौत के बाद उनके भांजे के यहां जन्मदिन पार्टी की खुशियां मातम में बदल गईं. परिवार में भी कोहराम मच गया. बताते हैं कि जान गंवाने वाले यशपाल सिंह चौहान अपने माता-पिता की इकलौते बेटे थे.

एसएचओ डिलारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जान गंवाने वाले यशपाल सिंह चौहान के भांजे शिवेंद्र कुमार की तहरीर पर कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है.

एएसपी ने मौके पर पहुंच ली हादसे की जानकारी: दोपहर सड़क दुर्घटना में दंपति की मौत हो जाने की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली. प्रभारी निरीक्षक डिलारी योगेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा.

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम, मुश्किल से खुला

डिलारी के गांव नाखूनका में दोपहर हुए सड़क हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. सड़क पर शव पड़े होने के कारण वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया. इससे मुरादाबाद-काशीपुर मार्ग पर जाम लग गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत से जाम खुलवाया.

Next Story