उत्तर प्रदेश

केरल- तमिलनाडु के करीब पहुंचा मानसून, उत्‍तर प्रदेश में बीस जून तक देगी दस्‍तक

Kunti Dhruw
26 May 2022 11:29 AM GMT
केरल- तमिलनाडु के करीब पहुंचा मानसून, उत्‍तर प्रदेश में बीस जून तक देगी दस्‍तक
x
देश में मानसूनी सक्रियता ने एक बार फ‍िर से जोर पकड़ा है।

वाराणसी, देश में मानसूनी सक्रियता ने एक बार फ‍िर से जोर पकड़ा है। बीते चौबीस घंटों के भीतर मानसून ने श्रीलंका का आधा सफर पूरा कर अब केरल के साथ ही तमिलनाडु के समुद्र तटीय क्षेत्र में दस्‍तक दे दी है। हालांकि, अभी यह केरल और तमिलनाडु के जमीनी इलाकों में नहीं पहुंचा है लेकिन समुद्र तट के करीब दस्‍तक होने की वजह से उम्‍मीद जगी है कि मानसून इस बार तय समय के चार दिन पहले ही पहुंच सकता है। अमूमन केरल और तमिलनाडु में मानसून एक जून के आसपास सक्रिय होता है।

मानसून ने इस बार तय समय से सप्‍ताह भर पूर्व अंडमान निकोबार द्वीप समूह में दस्‍तक दी थी। लेकिन, मानसून की गति कुछ दिनों से ठहरी हुई थी। मगर, बुधवार के बाद से ही मानसून ने दोबारा गति पकड़ी और आधा श्रीलंका तक का सफर 24 घंटों में पूरा कर लिया है। अब मानसून की दक्षिणी रेखा हिंद महासागर में केरल और तमिलनाडु के करीब है। इस लिहाज से समुद्र में अब दक्षिण भारत के काफी करीब तक मानसून आ चुका है। इस लिहाज से अगर मानसूनी सक्रियता का रुख बना रहा तो अगले दो दिनों में मानसून देश के भीतर दस्‍तक दे देगा।
वहीं उत्‍तर प्रदेश में हर साल सोनभद्र जिले के जरिए मानसून दस्‍तक देता रहा है। अब मानसूनी सक्रियता का दौर दोबारा जोर पकड़ने के बाद उम्‍मीद जगी है कि तय समय 20 जून के आसपास तक मानसून उत्‍तर प्रदेश में भी सक्रिय हो जाएगा। बीते वर्ष मानसून उत्‍तर प्रदेश में तय समय के सप्‍ताह भर पूर्व 13 जून को ही दस्‍तक दे चुका था। इस लिहाज से अगर इस बार भी मानसूनी सक्रियता का रुख बना रहा तो बूंदाबांदी और बारिश का दौर पूर्वांचल में बीस जून के पूर्व ही हो सकता है। इस लिहाज से अगले 25 दिनों के भीतर ही मानसूनी सक्रियता की उम्‍मीद उत्‍तर प्रदेश में जगी है।
Next Story