उत्तर प्रदेश

Modinagar: फैक्टरी में बंधक बनाकर 20 लाख की लूट

Admindelhi1
28 May 2025 5:39 PM IST
Modinagar: फैक्टरी में बंधक बनाकर 20 लाख की लूट
x
"नगर पालिका चेयरमैन की संपत्ति पर वार"

मोदीनगर: नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विनोद वैशाली जाटव की वैशाली एडवरटाइजिंग फैक्टरी में सोमवार रात नकाबपोश दो लुटेरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर 20 लाख की लूट की। लुटेरों ने चौकीदार रामलाल के सिर पर लोहे के पाइप से वार कर उन्हें घायल कर दिया और उनका मुंह व हाथ और पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया।

लुटेरे तीन घंटे से अधिक समय तक फैक्टरी में रहे और फैक्टरी से करीब दस लाख की नकदी व लगभग दस लाख कीमत के सोने चांदी के गहने लूट ले गए। लुटेरों चौकीदार का मोबाइल फोन और चेयरमैन का अन्य कीमती सामान भी लूटा। लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।

नगर की वैशाली कॉलोनी निवासी उद्योगपति विनोद जाटव वैशाली मोदीनगर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन है। चेयरमैन विनोद वैशाली की निवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित सारा मार्ग पर वैशाली एडवरटाइजिंग के नाम से फैक्टरी है। चेयरमैन ने बताया कि सोमवार रात चौकीदार रामलाल फैक्टरी पर थे। रात करीब 12.30 बजे दो नकाबपोश लुटेरे दीवार फांदकर फैक्टरी में दाखिल हुए। लुटेरों ने फैक्टरी में घुसते ही रामलाल को चाकू की नोक पर आतंकित किया और लोहे का पाइप मारकर उनका सिर फोड़ दिया। इसके बाद लुटेरे गेट तोड़कर चेयरमैन के कार्यालय में घुस गए। लुटेरों ने लॉकर तोड़कर उसमें रखी करीब दस लाख रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद लुटेरे गोपनीय कक्ष में दाखिल हुए और पूरा कक्ष खंगाला। लुटेरों ने वहां से लगभग दस लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के गहने लूटे। बेखौफ लुटेरे करीब तीन घंटे तक फैक्टरी में रहे।

तीन घंटे तक रामलाल के सिर पर नाचती रही मौत: रामलाल करीब 15 वर्ष से अधिक समय से फैक्टरी पर चौकीदार है। बताया कि सोमवार रात करीब 12.30 बजे दो नकाबपोश बदमाश फैक्टरी में दाखिल हुए और उनकी गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लुटेरों ने लोहे का पाइप मारकर उनका सिर फोड़ दिया। लहूलुहान रामलाल जमीन पर गिर गए। इसके बाद लुटेरों ने रस्सी से रामलाल के हाथ और पैर व मुंह बांध दिया। धमकाया कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। तेज दर्द होने पर लुटेरे रामलाल को गोली मारने की धमकी देकर उन्हें खामोश रहने की हिदायत देते। लहूलुहान रामलाल करीब तीन घंटे तक तड़पते रहे। लुटेरों के जाने के बाद रामलाल ने किसी तरह अपने आप को बंधनमुक्त कराया। रामलाल ने बताया कि तीन घंटे तक उनके सिर पर मौत नाचती रही। गनीमन रही कि रामलाल के सिर से खून का ज्यादा रिसाव नहीं हुआ वरना कुछ भी हो सकता था। बंधनमुक्त होने के बाद रामलाल ने राहगीर के मोबाइल से चेयरमैन विनोद वैशाली की कॉल की, मगर उनका फोन रसीव नहीं हुआ। इसके बाद रामलाल ने सुबह की सैर पर निकले एक भाजपा नेता के मोबाइल से चेयरमैन को कॉल की।

चेयरमैन के कार्यालय समेत तीन स्थानों के सीसीटीवी कैमरे तोड़े: लुटेरों ने फैक्टरी में दाखिल होते ही सबसे पहले वहां लगे दो सीसीटीवी कैमरे तोड़े। इसके बाद लुटेरों ने चेयरमैन के कार्यालय का कैमरा भी तोड़ दिया। दीवार पर चढ़ते समय एक लुटेरे की चप्पल भी वहीं रह गई।

पेशेवर अपराधियों की तरह दिया लूट को अंजाम: पुलिस घटना में किसी करीबी का हाथ होने की आशंका जता रही है। चेयरमैन के अनुसार आॅफिस और लॉकर में लगे ताले तोड़ना किसी के लिए आसान नहीं था। लुटेरों ने घटना को पेशेवर अपराधियों की तरह अंजाम दिया। अंदेशा है कि लुटेरों ने फैक्टरी की बारीकी से रेकी करने के बाद लूट को अंजाम दिया।

विधायक समेत तमाम भाजपई पहुंचे मौके पर, डीएसीपी ग्रामीण, एसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण: चेयरमैन की फैक्टरी में लूट की सूचना मिलते ही निवाड़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी,एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच समेत तमाम भाजपाई भी घटनास्थल पहुंचे। विधायक ने लूट की घटना पर कड़ी नारजगी जताई और घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।

मोदीनगर के नगर पालिका चेयरमैन विनोद वैशाली जाटव ने बताया कि लुटेरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर फैक्टरी से करीब दस लाख रुपये की नकदी और इतनी ही कीमत के सोने चांदी के गहने लूट लिए। लुटेरों ने चौकीदार रामलाल के सिर पर लोहे का पाइप मारकर उन्हें घायल कर दिया।

भाजपा विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने बताया कि योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। चेयरमैन विनोद वैशाली की फैक्टरी में लूट की घटना स्थानीय पुलिस की चूक है। पुलिस कमिश्नर से मिलकर शीघ्र खुलासे की मांग की जाएगी।

एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि चेयरमैन विनोद वैशाली की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।

Next Story