उत्तर प्रदेश

Mirzapur: अपराध मुक्त मिर्जापुर हेतु एसएसपी ने अपनी रणनीति बनाई

Admindelhi1
29 May 2025 11:00 AM IST
Mirzapur: अपराध मुक्त मिर्जापुर हेतु एसएसपी ने अपनी रणनीति बनाई
x
अपराध नियंत्रण को लेकर कसी कमर

मिर्जापुर: जिले में कानून व्यवस्था को सशक्त और अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा पूरी तरह से एक्शन मोड में हैं। बुधवार शाम पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में आयोजित मासिक अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी में उन्होंने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने जघन्य अपराधों की विवेचना, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थों व अवैध शराब की तस्करी, गो-तस्करी और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब, भू, वन और खनन माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला अपराधों पर खास फोकस रखते हुए एसएसपी बर्मा ने निर्देशित किया कि पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की विवेचना समयबद्ध और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। इसके अलावा ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने, एफआर की प्रक्रिया में तेजी लाने और अधिकतम सजा दिलाने पर जोर दिया गया।

सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। ईनामिया अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और टॉप-10 अपराधियों की धरपकड़ को प्राथमिकता में रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए।

इसके अतिरिक्त गुमशुदगी, दुर्घटना, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट और शस्त्र लाइसेंस मामलों की रिपोर्टिंग में तेजी लाने, न्यायालय से निर्गत सम्मन/वारंट की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने, और लंबित मुकदमों के निस्तारण की दिशा में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, एएसपी ऑपरेशन, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारीगण, आबकारी अधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story