- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Mirzapur: पानी में...
Mirzapur: पानी में डूबे युवक की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

मीरजापुर: लालगंज थाना क्षेत्र स्थित टांडा फॉल पिकनिक स्पॉट पर शुक्रवार को सैर-सपाटे के लिए पहुंचे युवकों की टोली का मनोरंजन कुछ ही देर में मातम में बदल गया। झरने के गहरे पानी में डूबने से एक युवक लापता हो गया, जिसकी तलाश में देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिश्रानी सरई गांव निवासी अजय कुमार विंद (28) अपने दोस्तों लव कुश, दिलीप कुमार, राहुल सरोज, मंगल, हनुमान, अनुज, प्रदीप, अनुज पुत्र पंचलाल और आकाश के साथ टांडा फॉल घूमने आया था। सभी दोस्तों ने झरने के किनारे बैठकर भोजन किया। भोजन के बाद अजय हाथ धोने के लिए पानी की ओर गया, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह झरने के गहरे पानी में गिर गया।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। घटना से मौके पर हड़कम्प मच गया और वहां मौजूद अन्य पर्यटक भी एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तुरंत गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम को बुलाने की व्यवस्था की। देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया था। थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं। टीम पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। वहीं परिजन व गांव के लोग भी सूचना पाकर घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।





