उत्तर प्रदेश

Mirzapur: मां विंध्यवासिनी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

Admindelhi1
19 March 2026 2:39 PM IST
Mirzapur: मां विंध्यवासिनी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
x
"श्रद्धालुओं ने किए मां के दर्शन"

मीरजापुर: जनपद के विंध्याचल धाम में वासंतिक नवरात्र मेले की शुरुआत बुधवार रात से श्रद्धा और उल्लास के साथ हो गई। नव्य-भव्य विंध्य धाम में आयोजित इस धार्मिक मेले में पहले ही दिन से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए दूर-दराज से आए भक्त रात से ही लंबी कतारों में खड़े नजर आए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में “जय मां विंध्यवासिनी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके तहत भक्त अब 20 घंटे तक मां के दर्शन कर सकेंगे। केवल कुछ घंटों के लिए मंदिर के कपाट बंद रहेंगे, बाकी समय लगातार दर्शन की व्यवस्था जारी रहेगी। इससे भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक स्थान पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर तीन अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 20 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 50 निरीक्षक और 250 उपनिरीक्षक सहित लगभग 3000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। दो कंपनियां पीएसी की भी तैनात की गई हैं, जो भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में सहयोग कर रही हैं।

मां विंध्यवासिनी मंदिर के अलावा अष्टभुजा मंदिर और काली खोह मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, चिकित्सा और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।

यह वासंतिक नवरात्र मेला 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ मेले को सकुशल संपन्न कराने में जुटा हुआ है।

Next Story