उत्तर प्रदेश

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने ढाई फिट ऊंचा सड़क निर्माण कार्य को रोका

Shreya
7 Aug 2023 10:49 AM IST
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने ढाई फिट ऊंचा सड़क निर्माण कार्य को रोका
x

वाराणसी। प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने रविवार को लहरतारा फ्लाईओवर के पास कराये जा रहे सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। मौके पर लगभग ढाई फीट ऊंची सड़क निर्माण कराए जाने के कारण आसपास के घरों एवं कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल कार्य रोकने का निर्देश दिया।

मंत्री रविंद्र ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के दौरान अपनाया जा रहा मैकेनिज्म समझ से परे है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अभियंता से लगभग ढाई फीट ऊंची बनाई जा रहे सड़क निर्माण के औचित्य पर सवाल किया तो वह निरुत्तर हो गए। उन्होंने कहा कि बिना वजह इतनी ऊंची सड़क निर्माण कराए जाने से अगल बगल की घरों सहित आस-पास की कालोनियों में जलजमाव होगा। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

बताते चलें कि रविंद्रपुरी कॉलोनी एवं पहड़िया काली माता मंदिर के बगल से भक्ति नगर मार्ग पर भी पीडब्ल्यूडी द्वारा इसी प्रकार लगभग ढाई फीट ऊंची सड़क का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे लोगों की शिकायत पर रोका गया।

Next Story