उत्तर प्रदेश

सड़क हादसे का शिकार हुआ अधेड़, अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Rani Sahu
29 Aug 2022 7:11 AM GMT
सड़क हादसे का शिकार हुआ अधेड़, अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
x
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाइक सवार एक अधेड़ सड़क हादसे का शिकार हो गया
मुरादाबाद, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाइक सवार एक अधेड़ सड़क हादसे का शिकार हो गया। उसके पास मिले कागजात के आधार पर मृतक की पहचान हो पाई। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन व उसके चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। अधेड़ की अकाल मौत से उसके परिजनों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है।
छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम बैरमपुर निवासी इंद्रपाल के मुताबिक वह तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। छोटा भाई गुड्डू उर्फ हरपाल सिंह खेती किसानी करता था। रविवार को बाइक पर सवार होकर वह घर से मुरादाबाद गया। रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित हरिद्वार हाईवे पर शेरुआ चौराहे के समीप गुड्डू सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है।
आनन फानन में परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पता चला कि सिर व शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट के कारण गुड्डू की मौत हो चुकी है। पूछताछ में पता चला कि शेरुआ चौराहे पर अज्ञात वाहन ने गुड्डू की बाइक में टक्कर मारी। गुड्डू की मौत से उसका 15 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु व 12 वर्षीय परिणय के सिर से पिता का साया उठ गया है। पति की अकाल मौत से पत्नी विनीता पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। वह दहाड़ें मारकर रो रहा है। मृतक की भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश हो रही है। शव मोर्चरी भेजा गया है।

अमृत विचार।

Next Story