उत्तर प्रदेश

पश्चिमी हवाओं से गिरा पारा, सर्दी में होगी बढ़ोत्तरी

Admin4
29 Nov 2022 12:05 PM GMT
पश्चिमी हवाओं से गिरा पारा, सर्दी में होगी बढ़ोत्तरी
x
कानपुर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर पश्चिमी हवाओं के चलने से मैदानी क्षेत्रों में तेजी से पड़ रहा है। सोमवार को तापमान सामान्य से नीचे चला गया और दिन में भी गलन महसूस होने लगी। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में उतार चढ़ाव अभी बना रहेगा, लेकिन सर्दी में लगातार बढ़ोत्तरी होगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि हवा की दिशा बदलने से तापमान में भी उतार चढ़ाव जारी है। इन दिनों हिमालय पर कोई भी पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है। इसके कारण उत्तर पश्चिमी हवा गंगा के मैदानी क्षेत्र में धीमी गति से आ रही हैं। वर्तमान में दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना है और दूसरा चक्रवाती हवा का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के ऊपर है। इसके चलते मौसम शुष्क बना हुआ है और आगामी दिनों में सर्दी बढ़ना शुरु हो जाएगी।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 28.0 और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 38 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 0.8 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में आसमान साफ रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है।
Admin4

Admin4

    Next Story