उत्तर प्रदेश

43 डिग्री के आसपास पारा, जानिये कब गर्मी से मिलेगी राहत

Admin4
19 Jun 2023 11:02 AM GMT
43 डिग्री के आसपास पारा, जानिये कब गर्मी से मिलेगी राहत
x
वाराणसी। जून के दूसरे पखवारे में भी आसमान से आग बरस रही है। सोमवार को भी पारा 43 के आसपास बना रहेगा। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले एक-दो दिनों में बारिश के आसार हैं। ऐसे में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। बारिश के बाद तापमान 40 डिग्री के नीचे चला जाएगा।
चक्रवात बिपरजॉय का असर यूपी में देखने को मिल रहा है। नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। वहीं मौसम विभाग ने लगभग आधा दर्जन जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया है। हालांकि वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में गर्मी सितम ढा रही है। वाराणसी में सुबह से ही तीखी धूप खिली है। वहीं लू के थपेड़े भी झुलसाएंगे। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 20 जून से मौसम बदल सकता है। लू का असर कम होने के साथ ही 21 से बारिश के आसार हैं। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान 40 डिग्री से नीचे जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान और लुढ़ककर नीचे चला जाएगा। इससे रात के वक्त लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि आर्द्रता बढ़ने की वजह से उमस रह सकती है। राज्य कृषि मौसम केंद्र लखनऊ के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 20 जून से मौसम में परिवर्तन के आसार हैं। 21 से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Next Story