- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ट्रक की टक्कर से...

x
कानपुर। नौबस्ता थानाक्षेत्र अंतर्गत अंडरपास से निकल रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर हादसे की सूचना परिजनों को दी। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
सतबरी रोड थाना बिधनू निवासी (24 वर्षीय) सोनू यादव मर्चेंट नेवी में नौकरी करता था। उसके पिता सुघर सिंह यादव ने बताया कि 15 दिन पहले ही वह छुट्टी पर घर आया था। गुरुवार को वह कानपुर देहात के मैथा में रहने वाले बहनोई अशोक यादव के घर गया था। जहां से शुक्रवार सुबह नौ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र की विराट नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रिजर्व बैंक कालोनी के पास अंडर पास से निकलते समय ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हाईवे का मामले होने के कारण जाम लगने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक किनारे कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक सीमेंट उतारकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। लोगों ने चालक को मौके से गिरफ्तार कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बताया कि बेटे सोनू की शादी के लिए रिश्ते देखे जा रहे थे। उनका बड़ा बेटा जितेंद्र यादव उर्फ मोनू पीएसी मोड़ पर फलों के जूस का ठेला लगाता है।
Next Story