उत्तर प्रदेश

Meerut: पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपी पकड़ा गया

Admindelhi1
5 Aug 2025 4:44 PM IST
Meerut: पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपी पकड़ा गया
x

मेरठ: गंगानगर थाना क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पत्नी के गले में लॉकेट पहनाने का बहाना कर पहले उसकी आंखें बंद कराईं और फिर चाकू व ब्लेड से गला रेत दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने 20 से ज्यादा वार किए, जिससे गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई।

आरोपी पति रविशंकर ने घटना के बाद खुद ही पुलिस को कॉल कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की पहचान 26 वर्षीय सपना के रूप में हुई है, जिसकी शादी इसी वर्ष 23 जनवरी को रविशंकर से हुई थी। आरोपी गांव में ही किराना दुकान चलाता है।

सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि रविशंकर को पत्नी पर शक था और इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। पांच दिन पहले सपना अपनी बड़ी बहन ममता के घर आई थी। शनिवार सुबह रविशंकर ने सपना को फोन कर घर बुलाया और फिर खुद साढ़े 11 बजे बहन के घर पहुंच गया।

इस दौरान सपना की बहन ममता बाहर काम कर रही थीं और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद नहीं थे। मौका पाकर रविशंकर ने घर का दरवाजा अंदर से बंद किया और सपना को पहली मंजिल पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

चीख-पुकार सुनकर सपना की बहन और आसपास के लोग घर के बाहर जमा हो गए, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण अंदर नहीं जा सके। कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी से दरवाजा खुलवाया। जब तक पुलिस अंदर पहुंची, सपना की मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने दहेज हत्या का भी आरोप लगाया है। ममता और उनके पति मुन्ना ने बताया कि सपना बचपन से ही उनके साथ रह रही थी और उन्होंने ही उसकी परवरिश की थी। वारदात के बाद गांव में मातम का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Next Story