उत्तर प्रदेश

Meerut: एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया

Admindelhi1
16 Jun 2025 10:27 AM IST
Meerut: एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया
x
दो तस्कर गिरफ्तार

मेरठ: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से 4.420 किलोग्राम अफीम, तीन मोबाइल फोन, 800 रुपये नकद और एक कार बरामद की गई है।

एसटीएफ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान अमरोहा जिले के रहने वाले हंसराज और फिरासत अली के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार शाम हापुड़-मेरठ रोड स्थित पांची पुल के पास से पकड़ा गया।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी 2021 से झारखंड से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अफीम की तस्करी कर रहे थे। फिरासत अली इससे पहले 2022 में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में एसटीएफ के हाथों गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस के मुताबिक, जेल से छूटने के बाद फिरासत अली ने फिर से तस्करी का धंधा शुरू कर दिया और इस बार उसने हंसराज को भी अपने गिरोह में शामिल कर लिया। दोनों लंबे समय से पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अफीम की आपूर्ति कर रहे थे।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Next Story