उत्तर प्रदेश

Meerut: भीषण अग्निकांड में छह की मौत

Admindelhi1
24 Feb 2026 2:51 PM IST
Meerut: भीषण अग्निकांड में छह की मौत
x

मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात करीब 8:45 बजे एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से पांच मासूम बच्चों समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार की बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का गली नंबर-3 में तीन मंजिला मकान है, जिसमें उनके तीनों बेटे आसिम, फारूक और डॉ. अरशद अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। मकान के भूतल पर ‘आई संस एम्ब्रॉयडरी’ नाम से कारखाना संचालित होता है, जहां पावरलूम के जरिए कपड़ा तैयार किया जाता है। पहली और दूसरी मंजिल पर परिवार के सदस्य रहते थे।

हादसे के समय इकबाल अहमद और उनके बेटे आसिम, फारूक व डॉ. अरशद तरावीह की नमाज अदा करने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर की दूसरी मंजिल पर इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार, उनका तीन वर्षीय बेटा अकदस, छह माह की जुड़वां बेटियां नबिया व इनायत, फारूक की बेटी महविश और बेटा हम्माद समेत अन्य परिजन मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब पौने नौ बजे अचानक घर में आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कमरों में रखे कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में पूरे मकान में धुआं भर गया। अंदर फंसी रुखसार और बच्चे जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल के कमरे में पहुंच गए और खिड़की से मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई अंदर प्रवेश नहीं कर सका।

सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। स्थानीय लोगों ने छतों के रास्ते अंदर पहुंचकर कुछ लोगों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में झुलसे लोगों को हापुड़ रोड स्थित राजधानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच बच्चों समेत छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में रुखसार, अकदस, नबिया, इनायत, महविश और हम्माद शामिल हैं। अमीर बानो का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगी प्रतीत हो रही है, हालांकि विस्तृत जांच कराई जा रही है। चार दमकल वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा है। मोहल्ले में चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल देर रात तक बना रहा। एक ही परिवार के पांच मासूमों सहित छह लोगों की मौत ने शहर को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

Next Story