- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut: जम्मू में फरार...
Meerut: जम्मू में फरार युवक की खोज जारी, एटीएस ने संभाला मामला

मेरठ: मेरठ के बनियापाड़ा सराय बहरीन इलाके के निवासी मोहम्मद उजैद कुरैशी का नाम हाल ही में जम्मू से जुड़े एक ऑनलाइन ग्रुप में आपत्तिजनक और देशविरोधी पोस्ट के कारण सामने आया है। यह ग्रुप कथित तौर पर अलकायदा से जुड़े स्लीपर सेल से जुड़ा माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, रविवार को जम्मू पुलिस, आईबी और एटीएस सहारनपुर की संयुक्त टीम ने उजैद के घर पर दबिश दी, लेकिन वह घर पर मौजूद नहीं था। टीम ने उसके परिवार और परिजनों से पूछताछ की और मकान पर नोटिस चिपकाकर वापस लौट गई। फिलहाल उसकी तलाश जारी है, और जम्मू पुलिस ने उसे 24 जनवरी को बहूफोर्ट थाने में पूछताछ के लिए तलब किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में उजैद को स्कूटी से घर से निकलते हुए देखा गया है। जांच में पता चला है कि उजैद साल 2024 में कश्मीर गया था और वहां करीब तीन महीने रहा। उसकी व्हाट्सएप चैट हिस्ट्री में लंबी बातचीत मिली है, जो जांच के दायरे में है। एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसने कश्मीर में क्या गतिविधियां कीं और कहीं उसे हथियार चलाने का प्रशिक्षण तो नहीं मिला।
उजैद के परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मिली है कि उनके पिता फल का व्यवसाय करते हैं और जम्मू से फल लाकर मेरठ मंडी में बेचते हैं। उजैद भी इसी व्यापार से जुड़ा हुआ था। इस मामले में जम्मू के बहूफोर्ट थाने में 14 नवंबर 2025 को आतंकवाद विरोधी कानून (धारा 113(3) बीएनएस) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।एजेंसियां फिलहाल उजैद के ठिकाने और उसके आतंकवाद से जुड़ाव की जांच में जुटी हैं।





