उत्तर प्रदेश

Meerut: सरधना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, संगीत सोम को मिली धमकी

Admindelhi1
5 Jan 2026 6:15 PM IST
Meerut: सरधना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, संगीत सोम को मिली धमकी
x

मेरठ: पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता ठाकुर संगीत सोम को बांग्लादेश से जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी भरे फोन कॉल, मैसेज और वीडियो कॉल मिलने के बाद उन्होंने सरधना थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और तकनीकी एजेंसियों की मदद से जांच शुरू कर दी है।

भाजपा नेता संगीत सोम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें लगातार धमकी भरे मैसेज और वीडियो कॉल प्राप्त हुए। कॉल करने वालों ने न सिर्फ उन्हें जान से मारने की धमकी दी, बल्कि कुछ प्रमुख न्यूज चैनलों को उड़ाने की बात भी कही। संगीत सोम ने सभी संदिग्ध मोबाइल नंबर पुलिस को सौंप दिए हैं, ताकि उनकी गहन जांच कराई जा सके।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी देने वाले मोबाइल नंबर बांग्लादेश से जुड़े हुए हैं। इसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वालों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि 31 दिसंबर को संगीत सोम द्वारा बांग्लादेश के एक खिलाड़ी को आईपीएल में शाहरुख खान की टीम द्वारा खरीदे जाने को लेकर दिए गए बयान के बाद यह विवाद बढ़ा। उनके बयान को लेकर देशभर में चर्चा हुई थी और बाद में बीसीसीआई ने उस खिलाड़ी को टीम से रिलीज करने का फैसला लिया। इसी घटनाक्रम के बाद धमकी मिलने की आशंका जताई जा रही है।

धमकियों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए ठाकुर संगीत सोम ने कहा कि वह सनातन धर्म और सनातनियों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसी धमकियों से वह डरने वाले नहीं हैं और देश व समाज के हित में अपनी बात मजबूती से रखते रहेंगे।

सरधना थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर और तकनीकी जांच के जरिए धमकी देने वालों तक पहुंचने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है और सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

Next Story