- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut: पुलिस मुठभेड़...

मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान भावनपुर थाना क्षेत्र के जई गांव निवासी इस्लू उर्फ इस्लामुद्दीन के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, धारदार हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस्लू के खिलाफ गोकशी, हत्या के प्रयास, डकैती, गिरोहबंदी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 33 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब लिसाड़ी गेट थाना पुलिस चार खंभा से न्यू मदीन मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हाल के किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है।





