- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut: बिजली संकट पर...
Meerut: बिजली संकट पर विधायक अतुल प्रधान ने ऊर्जा भवन पहुंचकर की मांग

मेरठ: आंधी-तूफान के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट गहराता जा रहा है। इसी को लेकर सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ ऊर्जा भवन पहुंचे और पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) की प्रबंध निदेशक ईशा दुहन से मुलाकात की। उन्होंने देहात क्षेत्र की बदहाल विद्युत आपूर्ति और किसानों की समस्याएं उनके सामने रखीं।
विधायक ने बताया कि आंधी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई गांवों में अब तक नए पोल और ट्रांसफार्मर नहीं लगाए गए हैं, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे ऊर्जा भवन में धरना देंगे।
ग्रामीणों ने भी एमडी को अपनी समस्याएं सीधे तौर पर बताईं। इस पर एमडी ईशा दुहन ने तुरंत अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर जाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही सरधना क्षेत्र में जर्जर तारों को बदलने की मांग को भी गंभीरता से लिया गया।
अतुल प्रधान के साथ इस प्रतिनिधिमंडल में रोहित जाखड़, राजेश्वर सैनी, नीरज प्रधान, सनी प्रधान, विपिन प्रधान कुंडा, चौधरी ब्रजमोहन और राजदीप विकल जैसे प्रमुख ग्रामीण भी शामिल रहे।





