- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut: नवीन वेडिंग...
Meerut: नवीन वेडिंग जोन के लिए मेरठ नगर निगम की नजर नौचंदी मैदान पर

मेरठ: नगर निगम महानगर में वेंडिंग जोन के लिए जमीन की तलाश कर रहा है। दिल्ली रोड सहित कई मुख्य मार्ग से ठेले हटाकर एक निर्धारित और सुरक्षित जगह पर वेंडिंग जोन में उनको शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। निगम के अधिकारियों ने दिल्ली रोड स्थित अतुल माहेश्वरी उपरिगामी सेतु के नीचे और नौचंदी ग्राउंड में वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह चिह्नित की है। इसे लेकर अफसरों में मंथन चल रहा है।
दरअसल, शास्त्रीनगर नई सड़क स्थित जमीन (खसरा संख्या 6041) पर 92 ठेलों को निगम के अधिकारियों ने हटा दिया था। इसके खिलाफ ठेले वाले हाईकोर्ट चले गए। नगर निगम ने चौधरी चरणसिंह विवि के पास वेंडिंग जोन बनाया और उन्हें यहां दर्शाया, लेकिन ठेले वालों ने इसका खंडन कर दिया। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन हैं।
अब नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा है कि ठेले वालों को नौचंदी ग्राउंड में वेंडिंग जोन में जगह देने की बात चल रही है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हैं। वहीं, दिल्ली रोड पर लगे ठेले वालों को अतुल माहेश्वरी उपरिगामी सेतु के नीचे शिफ्ट करने की तैयारी भी की जा रही है। अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का कहना है कि शहर में पांच जगह पर वेंडिंग जोन के लिए जमीन की तलाश जारी है। जल्द ही वेंडिंग जोन बनाकर ठेले वालों को जगह दी जाएगी।





