उत्तर प्रदेश

Meerut: धमाके के कारण मकान की छत गिरने से मासूम को चोटें

Admindelhi1
3 Jun 2025 3:35 PM IST
Meerut: धमाके के कारण मकान की छत गिरने से मासूम को चोटें
x
मौहल्ला जाहिदयान में मचा हड़कंप

मेरठ: थाना कोतवाली क्षेत्र के जाहिदयान मोहल्ले में मंगलवार को तेज धमाके से हड़कंप मच गया, जब एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक मासूम बच्ची घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके जिशान नामक व्यक्ति के पुराने मकान में हुए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिनमें तीन हल्के और एक बेहद तेज धमाका था। तेज धमाके के चंद पलों बाद मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सुतली बम विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर जांच कर रहा है। घर में विस्फोटक सामग्री कैसे और क्यों रखी गई, इसे लेकर जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद से इलाके के लोग सहमे हुए हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।

Next Story