- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut अस्पताल ने रचा...
Meerut अस्पताल ने रचा इतिहास, दुर्लभ बीमारी का सफल इलाज

Meerut मेरठ : मेरठ स्थित न्यूट्रिमा अस्पताल के ईएनटी विभाग ने एक बार फिर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में दुर्लभ जन्मजात बीमारी कोएनल एट्रेसिया (Choanal Atresia) से पीड़ित एक मरीज का सफल एंडोस्कोपिक ऑपरेशन किया गया है। यह इस तरह के जटिल मामलों में अस्पताल का पांचवां सफल ऑपरेशन बताया जा रहा है।विशेषज्ञों के अनुसार, कोएनल एट्रेसिया एक दुर्लभ जन्मजात विकार है, जिसमें नाक के पिछले हिस्से (कोएना) का प्राकृतिक मार्ग जन्म से ही आंशिक या पूरी तरह बंद होता है। यह स्थिति विशेष रूप से नवजात शिशुओं में गंभीर सांस संबंधी समस्याएं पैदा कर सकती है। ऐसे मामलों में समय पर पहचान और विशेषज्ञ उपचार बेहद जरूरी माना जाता है।
इस जटिल सर्जरी का सफल नेतृत्व ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुमित उपाध्याय ने किया। ऑपरेशन के दौरान और बाद में मरीज की देखभाल में अस्पताल की नवजात एवं बाल रोग विशेषज्ञ टीम की अहम भूमिका रही। नियोनेटोलॉजिस्ट एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष एनआईसीयू टीम ने मरीज की लगातार निगरानी और श्वसन प्रबंधन सुनिश्चित किया, जिससे ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ।डॉ. सुमित उपाध्याय ने बताया कि यह बीमारी भले ही दुर्लभ है, लेकिन समय पर पहचान और आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक के जरिए इसका सफल इलाज संभव है। उन्होंने कहा कि अनुभवी मेडिकल टीम और तकनीकी सहयोग के कारण ऐसे जटिल ऑपरेशन सफल हो रहे हैं।
वहीं, डॉ. अमित उपाध्याय ने कहा कि इस तरह के मामलों में केवल ऑपरेशन ही नहीं, बल्कि ऑपरेशन से पहले और बाद की गहन चिकित्सा देखभाल भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एनआईसीयू टीम की सतत निगरानी और समुचित उपचार से मरीज की रिकवरी संभव हो पाती है।अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि न्यूट्रिमा अस्पताल लगातार आधुनिक चिकित्सा तकनीक, अनुभवी ईएनटी सर्जन, नियोनेटोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित एनआईसीयू टीम के सहयोग से दुर्लभ और जटिल बीमारियों के सफल उपचार की दिशा में काम कर रहा है।





