उत्तर प्रदेश

Meerut: शामली के हेड कांस्टेबल के मेरठ में स्थित घर पर दिल्ली पुलिस का छापा

Admindelhi1
22 Oct 2024 10:04 AM IST
Meerut: शामली के हेड कांस्टेबल के मेरठ में स्थित घर पर दिल्ली पुलिस का छापा
x
27 लाख की नकदी बरामद

मेरठ: दिल्ली के कीर्तिनगर में हुई लूट के एक मामले में दिल्ली पुलिस ने मेरठ के थाना जानी में यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल के घर दबिश दी, शामली में तैनात इस हेड कांस्टेबल के घर से पुलिस को 27 लाख की नकदी बरामद हुई है।

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में बड़ी लूट हुई थी। लूट के मामले में ही पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा था। इसी आरोपी को लेकर दिल्ली पुलिस मेरठ आई थी।

बताया जाता है कि दिल्ली के कीर्ति नगर थाने के एएसआई राजेश कुमार के साथ पुलिस टीम ने जानी थाने के पास स्थित वीरसिंह के घर में दबिश दी। पुलिस ने घर में मौजूद महिलाओं व अन्य व्यक्तियों को एक कमरे में बैठा दिया। इसके बाद पुलिस ने साथ लाए गए आरोपी की निशानदेही पर घर की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को घर से प्लास्टिक के डिब्बों में रखे करीब 27 लाख मिले। पुलिस इन रुपयों को अपने साथ ले गई। वही मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने घर से कुछ गहने भी बरामद किए हैं।

जानी थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कीर्ति नगर थाना क्षेत्र के एक घर में कुछ दिन पूर्व लूट हुई थी।लूट हुई नगदी और अन्य सामान की बरामदी के लिये पुलिस ने दबिश दी थी। उन्होंने बताया कि जिस घर में पुलिस ने दबिश दी वह मकान हेड कांस्टेबल वीर सिंह का है। दबिश के समय वह अपने घर मौजूद नहीं था। घटना की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि दिल्ली पुलिस की टीम ने आमद दर्ज कराकर कार्रवाई की है।

बताया जाता है कि वीर सिंह शामली जिले में यातायात पुलिस में तैनात है। पता चला है दिल्ली पुलिस की दबिश के दौरान वीर सिंह मौके से फरार होने में सफल हो गया था ।हेड कांस्टेबल वीर सिंह मेरठ के जानी कस्बे के मूल निवासी हैं। दिल्ली पुलिस अपने साथ उनके एक रिश्तेदार सोहनवीर को लेकर आई थी, जो कि कीर्ति नगर में हुई डकैती में शामिल है और वीर सिंह का समधी बताया जाता है।

Next Story