उत्तर प्रदेश

Meerut: दिव्यांग पुनर्वास को लेकर समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई

Admindelhi1
28 Jun 2025 4:35 PM IST
Meerut: दिव्यांग पुनर्वास को लेकर समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई
x

मेरठ: जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद मेरठ में दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन एवं उनके समग्र पुनर्वास को लेकर जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नूपुर गोयल ने की।

इस बैठक में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, और ग्राम्य विकास विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में विभिन्न विभागों के सहयोग से दिव्यांग बच्चों की पहचान, चिकित्सा परीक्षण, प्रमाण-पत्र निर्गमन और पुनर्वास योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जिले के प्रत्येक विकास खंड में चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करेगा। चिन्हित बच्चों को शिक्षा, पोषण, चिकित्सा एवं पुनर्वास की दिशा में संबंधित विभागों की योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

सीडीओ नूपुर गोयल ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्यक्रम हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें ताकि दिव्यांग बच्चों को योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल सके।

इस बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story