उत्तर प्रदेश

Meerut: सरधना रोड पर पेट्रोल पंप से आधे घंटे सीएनजी लीक हुआ

Admindelhi1
27 Jan 2025 9:48 AM GMT
Meerut: सरधना रोड पर पेट्रोल पंप से आधे घंटे सीएनजी लीक हुआ
x
"सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची"

मेरठ: सरधना रोड पर शहीद सतपाल पेट्रोल पंप पर रविवार को सीएनजी लीक हो गई। इससे आसपास हड़कंप का माहौल हो गया। आधे घंटे तक आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को दोनों तरफ रोक दिया। फायर ब्रिगेड व गैल गैस कंपनी की टीम पहुंचने के बाद रास्ता खोला।

कस्बा चौकी क्षेत्र के डिफेंस एंक्लेव निवास बबीता चौधरी का सरधना रोड पर डिफेंस एंक्लेव के बराबर में शहीद सतपाल सिंह के नाम से पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर सीएनजी गैस भी भरी जाती है। रविवार को कर्मचारी कार में सीएनजी भर रहा था। इसी बीच सीएनजी गैस की मुख्य लाइन लीक हो गई। गैस लीक होने की सूचना पर आसपास के क्षेत्र में भगदड़ का माहौल हो गया। पेट्रोल पंप पर खड़े सभी वाहनों को बाहर निकाला गया।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद दुकानदारों ने कुछ देर के लिए अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। कुछ ही देर में गैस हवा में काफी दूर तक फैल गई। गैस लीक की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गैल गैस कंपनी के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की सूचना पर फायर ब्रिगेड में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था।

Next Story