उत्तर प्रदेश

Meerut: सेंट्रल मार्केट और जागृति विहार बाजार ब्लैकमेलिंग के विरोध में रहे बंद

Admindelhi1
20 May 2025 4:02 PM IST
Meerut: सेंट्रल मार्केट और जागृति विहार बाजार ब्लैकमेलिंग के विरोध में रहे बंद
x
व्यापारियों का प्रदर्शन

मेरठ: शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट और जागृति विहार के बाजार मंगलवार को पूरी तरह बंद रहे। व्यापारियों ने यह बंद एक आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा कथित ब्लैकमेलिंग और उत्पीड़न के विरोध में किया। सोमवार को साप्ताहिक अवकाश के बावजूद व्यापारियों ने मंगलवार के बाजार बंद को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया और दुकानदारों से समर्थन मांगा।

मंगलवार सुबह 10:30 बजे व्यापारी सेंट्रल मार्केट में एकत्र हुए और हाथों में बैनर व पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारी नेता किशोर वाधवा ने बताया कि उन्होंने संयुक्त व्यापार संघ, मेरठ बार एसोसिएशन, जिला बार एसोसिएशन, सफाई कर्मचारी यूनियन, IMA, किसान मोर्चा, छात्र संघ संगठनों, मेरठ बुलियन एसोसिएशन सहित कई संगठनों से समर्थन की अपील की थी। कई संगठनों ने व्यापारियों को समर्थन पत्र भी सौंपे।

संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के आह्वान पर उनका संगठन पूरी तरह से साथ है।

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने सेंट्रल मार्केट के 661/6 कॉम्प्लेक्स को अवैध मानते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश दे दिया है। कोर्ट में दाखिल व्यापारियों की सभी याचिकाएं खारिज की जा चुकी हैं। इसके साथ ही आवास विकास परिषद ने कॉम्प्लेक्स के 21 दुकानदारों और 31 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए पुलिस को पत्र भेजा है।

Next Story