उत्तर प्रदेश

Meerut: बाइक टकराने पर युवक की हत्या का मामला सामने आया

Admindelhi1
31 Oct 2024 11:49 AM IST
Meerut: बाइक टकराने पर युवक की हत्या का मामला सामने आया
x
आरोपियों को तलाश रही पुलिस

मेरठ: मेरठ के थाना टीपीनगर क्षेत्र में बागपत रोड फ्लाईओवर पर रात बाइक टकराने को लेकर कुछ लोगों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक युवक का नाम हर्षित है और वो सैटरिंग का काम करता है। युवक अपने साथियों के साथ आ रहा था। मृतक युवक के दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस हत्यारोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

टीपीनगर के शेखपुरा निवासी हर्षित सैटरिंग का काम करता था। वह शेखुपुरा निवासी मोनू और जॉनी के साथ काम करने गया था। देर रात करीब 12 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। घायलों ने पुलिस को बताया कि बागपत रोड फ्लाईओवर के पास उनकी बाइक से तीन युवकों की बाइक टकरा गई। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दूसरे पक्ष ने फोन करके साथियों को बुला लिया।

लाठी-डंडे लेकर पहुंचे युवकों ने हर्षित, मोनू और जॉनी पर जानलेवा हमला कर दिया। तीनों गंभीर घायल हो गए। आरोपी हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर हर्षित की अस्पताल में मौत हो गई। जबकि मोनू और जॉनी की हालत गंभीर है। जॉनी के भाई ने घटना की रिपोर्ट टीपीनगर थाने में दर्ज कराई है। एसपी सिटी विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story