- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerapur: विवाहिता की...
Meerapur: विवाहिता की मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत हुई

मीरापुर: स्थानीय मोहल्ला मुश्तर्क की रहने वाली 27 वर्षीय विवाहिता अपर्णा पत्नी अमित पाल की मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया।
घटना रविवार सुबह की है जब अपर्णा अपने पति अमित पाल के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। खतौली रोड पर रजवाहे के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पति ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। अपर्णा अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जो अपनी मां के निधन से सदमे में हैं। परिजन और रिश्तेदार गहरे शोक में हैं और घर में मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि अब तक किसी की ओर से इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





