उत्तर प्रदेश

Meerapur: रालोद विधायक पर कार्रवाई न होने पर भड़की आसपा

Admindelhi1
13 Jun 2025 12:28 PM IST
Meerapur: रालोद विधायक पर कार्रवाई न होने पर भड़की आसपा
x

मीरापुर: आजाद समाज पार्टी ने मीरापुर क्षेत्र में फर्जी मुकदमों के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष दिनेश बावरा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर दर्ज फर्जी मुकदमे 20 जून तक वापस नहीं लिए गए, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि अन्याय के विरुद्ध अब चुप नहीं बैठा जाएगा।

यह मामला 6 जून को मुझेड़ा टोल प्लाजा पर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें आजाद समाज पार्टी के युवा जिला प्रभारी हुमायूं सिद्दीकी ने टोल वसूली के खिलाफ स्थानीय लोगों के साथ धरना दिया था। इस दौरान टोल कर्मियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई, और बाद में थानाध्यक्ष बबलू कुमार वर्मा तथा सिद्दीकी के बीच तीखी कहासुनी का वीडियो वायरल हो गया।

इसके बाद टोल प्रबंधन की ओर से टोल मैनेजर आकाश चौधरी ने मीरापुर थाने में हुमायूं सिद्दीकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौतम रवि व 20–25 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपों में टोल प्लाजा को नुकसान पहुंचाने, अभद्रता करने और आगजनी की धमकी देने की बातें शामिल हैं।

इन मुकदमों के विरोध में 12 जून को पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिनेश बावरा के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी यतेंद्र नागर को ज्ञापन सौंपा। इसमें टोल कर्मचारियों और पुलिस पर पक्षपात के आरोप लगाए गए।

बावरा ने यह भी सवाल उठाया कि रालोद विधायक पर कार्रवाई नहीं होती लेकिन आजाद समाज पार्टी को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब दोहरे मापदंड बर्दाश्त नहीं होंगे।

Next Story