- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मीना दिवस : 13.90 लाख...
उत्तर प्रदेश
मीना दिवस : 13.90 लाख बच्चों ने उठाई बालिकाओं के अधिकारों की आवाज
SHIDDHANT
24 Sept 2025 8:45 PM IST

x
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने के लिए चल रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत बुधवार को प्रदेशभर में ‘मीना दिवस’ और 'मीना मेले' का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 13.90 लाख बच्चे, 82,427 अध्यापक और 2,20,313 अभिभावकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रदेश के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालय और केजीबीवी में आयोजित इस विशेष दिवस का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, शिक्षा और समाज में समान भागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
बच्चों ने मीना के 'बहादुर' और 'निडर' चरित्र से प्रेरणा लेते हुए असमानता के खिलाफ आवाज उठाई और अपने अधिकारों के प्रति संकल्प लिया। मीना दिवस और मीना मेले के माध्यम से बच्चों और समुदाय ने यह संदेश दिया कि हर लड़की को शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान का अधिकार है। निडर और प्रेरणादायी फिल्म के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास और साहस बढ़ाया गया। सभी विद्यालयों में केक काटकर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्सव मनाया गया।
बता दें कि मीना दिवस का आयोजन बालिकाओं की शिक्षा, उनके अधिकार और समाज में उनकी समान भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया। यूनिसेफ द्वारा तैयार की गई बहादुर और निडर पात्र ‘मीना’, बच्चों के बीच प्रेरणा का स्रोत बनी। मीना की कहानियां बच्चों को यह सिखाती हैं कि मेहनत और लगन से हर बच्चा अपने सपनों को पूरा कर सकता है, चाहे वह डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या पायलट बनना चाहे।
प्रदेश के 1129 विद्यालयों में पीएमश्री से आच्छादित मीना मेले में बच्चों और समुदाय द्वारा 10 से अधिक स्टालों का निर्माण किया गया, जिनमें विज्ञान और गणित के खेल एवं ट्रिक, कबाड़ से जुगाड़ और क्रिएटिविटी स्टाल, जलवायु परिवर्तन और स्वच्छता पर स्टाल, कानूनी जागरूकता और माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, पैनल चर्चा, पोस्टर, बाल-अखबार और कॉमिक बुक निर्माण और खेलकूद तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त, मेले में स्वास्थ्य और पोषण, सुरक्षा-संरक्षा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, महिला शिक्षा और सशक्तिकरण जैसे सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाटकों, गीतों, एकांकी और पपेट शो का आयोजन किया गया।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा बेसिक शिक्षा विभाग ने मिशन शक्ति 5.0 के इस चरण में बालिकाओं के स्वावलंबन, शिक्षा और अधिकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। मेरा मानना है कि जब बालिकाएं सशक्त होंगी, तभी समाज भी सशक्त बनेगा।
Tagsमिशन शक्तिमीना दिवसमीना मेलेबालिका शिक्षास्वावलंबनउत्तर प्रदेशबेसिक शिक्षा विभागमहिला सशक्तिकरणसामाजिक जागरूकतासांस्कृतिक कार्यक्रमस्वास्थ्य और पोषणजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





