उत्तर प्रदेश

निगम में हो रहे भ्रष्टाचार का मेयर ने मांगा ब्योरा

Admin Delhi 1
28 Dec 2022 10:19 AM GMT
निगम में हो रहे भ्रष्टाचार का मेयर ने मांगा ब्योरा
x

मेरठ: पांच साल से नगर निगम की सुचारू चल रही कार्य प्रणाली जहां मेयर सुनीता वर्मा ने विकास कार्यों को तरजीह दी, वहीं अपने कार्यकाल की अंतिम बेला पर अपने ही नगर निगम पर यकायक भ्रष्टाचार की आंधी को वह भी नहीं झेल पाई तथा मजबूरी वश या यूं कहें कि निगम की लाज रखने पर मेयर को भी नगर निगम के मुखिया को पत्र लिखकर सवाल पूछना पड़ा कि आखिर निगम में भ्रष्टाचार को आंख मूंद कर क्यों समर्थन किया जा रहा हैं?

मेयर ने नगरायुक्त अमित पाल शर्मा को कुछ पत्र प्रेषित किये हैं, जिसमें गंभीर आरोप लगाये हैं। जो आरोप लगाये गए हैं, उनमें मुख्य रूप से हाल ही में रिश्वत लेते हुए रंग हाथ गिरफ्तार किये गए नवल राघव कर निरीक्षक को उल्लेखित करते हुए सवाल खड़ा किया कि जब बोर्ड बैठक में सचेत कर दिया गया था कि निगम कर्मियों द्वारा गृहकर के बिल अनाप-शनाप बढ़ाकर भेजे जा रहे हैं तथा रिश्वत लेकर बाद में इन बिलों को कम कर दिया जाता हैं,

जिससे नगर निगम की बड़ी बदनामी होती हैंं। इस पर अंकुश लगाया जाए, परन्तु अधिकारियों द्वारा इस संदर्भ में बैठक में उठाये गए बिन्दू के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तथा भ्रष्टाचार निवारण विभाग द्वारा निगम कर्मी को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने से विभाग की तो बदनामी हुई ही है, साथ ही उच्च अधिकारियों की संलिप्ता अथवा मौन स्वीकृति स्पष्ट होती हैं, यह बड़ा ही खेद का विषय हैं।

एक अन्य पत्र में मेयर सुनीता वर्मा द्वारा भिन्न-भिन्न समय में चुनाव प्रक्रिया के दौरान तथा समय-समय पर निगम द्वारा चलाये गए होर्डिंग हटाओ अभियान में शहर में विभिन्न भागों से होर्डिंग्स आदि का जो लोहा (स्क्रेप) निगम गोदाम में जमा किया जाता हैं, उसका क्या किया गया तथा निगम कर्मियों द्वारा अवैध रूप से करोड़ों का स्क्रेप बेच दिया गया। उस पर जांच बैठाई गयी, लेकिन उक्त जांच ठंडे बस्ते में डाल दी गई।

Next Story