- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Mau: स्कूली बस ने बाइक...
Mau: स्कूली बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, चाचा-भतीजी की मौत

मऊ: घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपार के पास ओवरटेक के दौरान स्कूली बस की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान तीन घंटे के अंतराल में दम तोड़ दिया। मृतका इंटर की परीक्षा देने अपने चाचा के साथ जा रही थी।
तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर: घटना सोमवार सुबह की है। अमिला नगर पंचायत के खनिगह निवासी रामरतन सिंह (52) पुत्र स्व. विरोधन सिंह अपनी भतीजी सोनम सिंह (18) पुत्री रामसमुझ को लेकर इंटरमीडिएट परीक्षा दिलाने बाइक से कटीहारी जा रहे थे। रास्ते में एक निजी स्कूल की बस आगे चल रही थी। जैसे ही उन्होंने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, बस चालक ने लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी।
हेलमेट पहनने के बावजूद गई जान
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे सीमेंटेड बेंच से जा टकराई। रामरतन सिंह ने हेलमेट पहना था, लेकिन जोरदार झटके से वह टूट गया। हादसे में चाचा-भतीजी दोनों को सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
इलाज के दौरान दम तोड़ा
सूचना मिलते ही घोसी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बड़राव सीएचसी भर्ती कराया। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने रामरतन सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनम को आजमगढ़ पीजीआई रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बस चालक मौके से फरार
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मृतक की पत्नी बिंदू ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





