उत्तर प्रदेश

Mau: कुख्यात अपराधी रमेश सिंह 'काका' को पहली बार मिली सज़ा

Admindelhi1
7 Jun 2025 3:22 PM IST
Mau: कुख्यात अपराधी रमेश सिंह काका को पहली बार मिली सज़ा
x
पुलिस-प्रशासन ने ली राहत की सांस

लखनऊ: मऊ जिले के सरायलाखंसी थाना क्षेत्र केथवली गांव निवासी कुख्यात अपराधी और सजायाफ्ता कैदी रमेश सिंह 'काका' को आखिरकार पहली बार किसी मामले में सज़ा सुनाई गई है। कुल 72 मुकदमों का सामना कर रहे इस अपराधी को 4 साल की जेल की सज़ा सुनाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

पुलिस विभाग के अनुसार, रमेश सिंह 'काका' पर जनपद के अलग-अलग थानों में 63 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य जनपदों में भी उसके खिलाफ 9 मामले लंबित हैं। उसके खिलाफ दर्ज अधिकांश मामले हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित हैं। जनपद में 'काका' की दहशत का आलम यह था कि उसके डर से लोग अपने मुकदमे वापस ले लेते थे। यही नहीं, न्यायालय में गवाही के दौरान गवाह भी मुकर जाते थे, जिसके कारण पुख्ता सबूतों के अभाव में वह 41 मुकदमों में बरी हो चुका था।

इस वजह से वह लगातार अपराध पर अपराध करता रहता था और पुलिस उसे गिरफ्तार भी कर लेती थी, लेकिन न्यायालय से उसे बार-बार राहत मिल जाती थी। कुख्यात 'काका' की दहशत इतनी थी कि कोई भी उम्मीदवार उसके खिलाफ चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पाता था। इसका नतीजा यह रहा कि वह एक बार खुद और एक बार अपनी पत्नी को 'प्रमुख' बनवाने में कामयाब रहा।

हालांकि, अब उसे जेल भेजे जाने के बाद से पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस सज़ा को 'काका' के आपराधिक साम्राज्य के लिए एक बड़ी चोट माना जा रहा है और उम्मीद की जा रही है कि इससे क्षेत्र में उसकी दहशत कम होगी तथा कानून-व्यवस्था में सुधार आएगा।

Next Story