उत्तर प्रदेश

विवाहिता ने फंदा लगाकर की आत्माहत्या

Admin4
11 April 2023 1:19 PM GMT
विवाहिता ने फंदा लगाकर की आत्माहत्या
x
पीलीभीत। 20 दिन से मायके में रह रही विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। दो दिन पहले ही पति मायके आकर एक रात रुका और विवाहिता से मार-पिटाई की थी। इसी से आहत होकर खुदकुशी का आरोप परिजन ने लगाया है। सीओ सदर ने जहानाबाद पुलिस के साथ मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा कंजा की रहने वाली सुदामा देवी ने बताया कि उनकी पुत्री सोमवती (23) की शादी तीन साल पहले अमरिया क्षेत्र के ग्राम जिठनिया निवासी राजकुमार पुत्र चोखेलाल से हुई थी। दो साल तक सब कुछ ठीक चलता रहा। उसके बाद आरोप है कि पति एक अन्य महिला के चक्कर में उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगा। मानसिक और शारीरिक यातनाएं देना शुरू कर दिया। गृहस्थी बचाने के लिए पीड़िता सब सहती रही।
उसने मायके वालों को बताया तो सुलह कराने के प्रयास भी चलते रहे। 20 दिन पहले पति समेत अन्य ससुराल वाले बेटी को मारपीट करने के बाद घर छोड़ गए। उसके बाद से विवाहिता मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। मंगलवार सुबह परिजन खेत पर गेहूं की कटाई करने चले गए। घर पर विवाहिता अकेली थी। इसी बीच उसने फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद परिजन घर आए तो कमरे में लोहे के गाटर पर फंदे से सोमवती का शव लटका मिला। शव पर नजर पड़ते ही परिजन के होश उड़ गए और चीख पुकार मच गई।
इसकी सूचना मिलने पर सीओ सदर प्रतीक दहिया, जहानाबाद इंस्पेक्टर अशोक पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन व अन्य परिचितों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए परिजन से तहरीर मांगी गई। उधर, घटना के चलते मृतका के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
Next Story