उत्तर प्रदेश

विवाहिता को दो महीने की बेटी के साथ ससुरालियों ने घर से निकाला , मुकदमा दर्ज

Tara Tandi
17 April 2024 8:52 AM GMT
विवाहिता को दो महीने की बेटी के साथ ससुरालियों ने घर से निकाला  , मुकदमा दर्ज
x
आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार को विवाहिता को दो महीने की बेटी के साथ ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। घर में प्रवेश के लिए बहू ससुराल के गेट पर ही धरने पर बैठ गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। मगर, सास ने गेट नहीं खोला। इस कारण पुलिस को भी लौटना पड़ा। मामले में दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को पुलिस ने 12 घंटे बाद रिश्तेदार के घर में ठहराया है। मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के सराय ख्वाजा का है।
विवाहिता शिकोहाबाद की रहने वाली है। तीन वर्ष पहले शाहगंज के युवक से शादी हुई थी। उसकी दो महीने की बेटी है। पीड़िता का कहना है कि पति राशन डीलर हैं। शादी के बाद से ही ससुराली परेशान कर रहे हैं। पति के एक युवती से संबंध हैं। वह उसे घर में लाना चाहता है। ससुर अश्लील हरकत करता है। विरोध पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए। वह अपनी बच्ची को दूध पिला रही थी। इसका सीसीटीवी फुटेज ससुर ने वायरल कर दिया।
गेट खोलने को तैयार नहीं हुई सास
एक महीने पहले पति छोड़कर चला गया। अब वह घर नहीं आ रहा है। इस कारण एक कमरे रह रही है। सास-ससुर मदद नहीं करते हैं। मंगलवार सुबह 8 बजे वह घर से सामान लेने निकली थीं। वापस आई तो देखा कि सास बेटी को गेट के बाहर लेकर खड़ी है। उसके पहुंचने पर बेटी को नाले के पास लिटा दिया। इसके बाद घर का गेट अंदर से बंद कर लिया। उन्होंने घर में अंदर लेने के लिए गुहार लगाई। मगर, सास गेट खोलने को तैयार नहीं हुई।
ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
112 पर कॉल करने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने भी गेट खुलवाने का प्रयास किया। मगर, ससुराली पक्ष की महिलाएं छत पर चढ़ गईं। पुलिस का वीडियो बनाने लगी। इस पर पुलिस लौट आई। 12 घंटे बाद तक बहू ने धरना दिया। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि पीड़ित महिला को रिश्तेदार के घर में पहुंचाया गया है। वहीं ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ, छेड़छाड़ सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
Next Story