उत्तर प्रदेश

Gonda में बड़ा सड़क हादसा, पुल निर्माण से पहले ट्रक हादसे में 3 की मौत

Ratna Netam
2 July 2026 3:05 PM IST
Gonda  में बड़ा सड़क हादसा, पुल निर्माण से पहले ट्रक हादसे में 3 की मौत
x
दर्दनाक सड़क हादसा हुआ

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश : गोंडा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हुआ जब निर्माण कार्य के लिए सरिया लेकर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया।जानकारी के अनुसार, हादसा हरखापुर ग्राम पंचायत के मजरा वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल के पास हुआ। यहां सेतु निगम की ओर से पुल निर्माण कार्य कराया जाना है और गुरुवार को ही तरबगंज विधायक द्वारा भूमि पूजन किया जाना प्रस्तावित था। इसी कार्यक्रम से जुड़े निर्माण कार्य के लिए सरिया से लदा ट्रक निर्माण स्थल की ओर जा रहा था।

बताया जा रहा है कि ट्रक जैसे ही स्कूल के पास पहुंचा, वह अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। ट्रक पर सवार मजदूर उसकी चपेट में आ गए और भारी सरिया के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य के लिए क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

मौके पर एसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक और कोतवाली देहात प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मृतकों की पहचान चांदपुर थाना तरबगंज क्षेत्र के रहने वाले केरविन्द्र पासवान (31) पुत्र रामबहादुर, राजेंद्र पासवान (42) पुत्र रामबहादुर और रामगुलाम पासवान (50) पुत्र भगवानदीन के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।

ग्राम प्रधान हरबंश तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद शुरुआती समय में स्थिति स्पष्ट नहीं थी, लेकिन बाद में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि ट्रक अनियंत्रित कैसे हुआ और क्या इसमें कोई तकनीकी खराबी या लापरवाही शामिल थी। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में विकास कार्यों के तहत पुल निर्माण की तैयारी चल रही थी, जिससे खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया।

Next Story