- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur में बड़ी...
Saharanpur में बड़ी कार्रवाई, झपटमार गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर (बेहट)। सहारनपुर जनपद की थाना बेहट पुलिस ने झपटमारी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित एक पीली धातु का कुंडल भी बरामद किया है।
मामले की शुरुआत 30 जून 2026 को हुई थी, जब वादिया श्रीमती सविता पत्नी पप्पू सैनी, निवासी ग्राम सुनैटी पठलोकर थाना बेहट, ने थाने में तहरीर दी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्तियों ने झपट्टा मारकर उनके दाहिने कान से कुंडल छीन लिया था। इस आधार पर थाना बेहट में मुकदमा संख्या 268/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा माल बरामदगी के निर्देश दिए। आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सारिक पुत्र जाकिर हुसैन, निवासी ग्राम मुजफ्फराबाद नाले के पास थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर तथा नौशाद पुत्र मुख्तियार अली, निवासी ग्राम बड़ा छुटमलपुर, बाल विद्या मंदिर स्कूल के पास थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।दोनों आरोपियों को मस्करा नदी से पहले ग्राम मुर्तजापुर जाने वाले रास्ते में आम के बाग के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पीली धातु का कुंडल बरामद हुआ, जो झपटमारी की घटना से संबंधित बताया जा रहा है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी और तेज की जा रही है, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे।





