उत्तर प्रदेश

आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, बदमाश पकड़ा

Saba Naaz
31 July 2026 4:21 PM IST
आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, बदमाश पकड़ा
x

आजमगढ़: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतरौलिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहानागंज थाना क्षेत्र के समस्तीपुर गांव निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है।

अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दूबे गुरुवार देर रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास मौजूद हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान तेज कर दिया।

मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ बदमाश गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर फरार हुए थे। वे एक पिकअप वाहन को गोपालीपट्टी नहर के पास छोड़कर बाइक से आगे निकल गए थे। पुलिस को शक था कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।

पुलिस टीम ने गदनपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर गए।

पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल आरोपी संतोष यादव को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। फरार आरोपियों की पहचान अतरौलिया क्षेत्र निवासी शमीम और समस्तीपुर बबुरा निवासी संतोष सरोज के रूप में हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गो-तस्करी, अवैध हथियारों और संगठित अपराध में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है और उसके गिरोह में कितने लोग सक्रिय हैं।

Next Story