- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida सेक्टर-16 कार...
Noida सेक्टर-16 कार मार्केट में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: नोएडा के सेक्टर-16 स्थित कार मार्केट में शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर फैले अवैध कब्जे और अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्त कदम उठाते हुए कई वाहनों को सीज किया गया और बड़ी संख्या में चालान काटे गए।
जानकारी के अनुसार, कार मार्केट में 50 से 100 मीटर की दुकानों के सामने सड़क पर करीब 200 मीटर से अधिक तक अतिक्रमण फैला हुआ था। हालात यह थे कि कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम को अपने वाहन भी काफी दूर खड़े करने पड़े, क्योंकि मुख्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध थी।
नोएडा प्राधिकरण की टीम, यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई दोपहर करीब सवा 12 बजे सेक्टर-16 मार्केट में शुरू हुई। टीम ने सबसे पहले सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की।
अधिकारियों के अनुसार, मौके से 50 से अधिक पुराने और अवैध रूप से खड़े वाहनों को सीज किया गया, जिन्हें बाद में मल्टीलेवल पार्किंग में भेजा गया। इसके साथ ही 200 से अधिक वाहनों के चालान भी काटे गए।
कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक दुकानों के बाहर बनाए गए अस्थायी ढांचों को भी ध्वस्त कर दिया गया। बुलडोजर की कार्रवाई देखते ही पूरे कार मार्केट में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार और कर्मचारी अपने वाहनों को हटाने और सामान समेटने में जुट गए।
इस अभियान में प्रशासन की सख्ती के चलते लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया गया।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जिन वाहनों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, उन्हें जब्त किया गया है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए यह कदम जरूरी था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।





