- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur, में मिलावट...
Saharanpur, में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, खाद्य विभाग ने लिए सैंपल

Saharanpur सहारनपुर : जनपद सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट और खाद्य गुणवत्ता की जांच को लेकर बड़ा छापेमारी अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।यह कार्रवाई जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के आदेश और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के निर्देशों के अनुपालन में की गई। शहर क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित उपजिलाधिकारियों के निर्देशन में टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान शहर के गिल कॉलोनी स्थित कबाबगढ़ रेस्टोरेंट से लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और पनीर के नमूने संदेह के आधार पर लिए गए। वहीं नकुड़ तहसील क्षेत्र में प्रिया स्वीट्स से बर्फी और एक अन्य मिठाई की दुकान से गुलाब जामुन का नमूना संग्रहित किया गया।इसके अलावा रामपुर मनिहारान स्थित शर्मा डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया, जबकि देवबंद स्थित मलिक डेयरी से दूध और दही के सैंपल लिए गए। कैलाशपुर स्थित सुनील मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला तथा गागलहेड़ी स्थित इंडियन स्वीट्स से घेवर का नमूना जांच के लिए भेजा गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, अमित कुमार गौतम, शिवनाथ सिंह, सुमन पाल, कुलदीप तिवारी और महेश कुमार सहित कई अधिकारी शामिल रहे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





