- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Haridwar Yatra के...

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर जनपद के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हलगोया गांव के पास कट के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक स्कॉर्पियो कार ने पीछे से खड़ी दूसरी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग और दूसरी कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा के सोनीपत जिले के मंडोरा बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के खरखौदा निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। परिवार की कार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हलगोया गांव के पास एक कट के नजदीक खड़ी थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में कार सवार प्रीति (37 वर्ष), पत्नी प्रवीन, उनका बेटा शिवांग (9 वर्ष), प्रवीन की मां सुदेश (71 वर्ष) और चरण सिंह की मौत हो गई। वहीं इसी परिवार के अन्य सदस्य प्रीति (29 वर्ष), जयदेव (45 वर्ष) और जयदेव की तीन वर्षीय पुत्री भूमी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा दूसरी कार का चालक प्रवीन तेवतिया भी हादसे में घायल हुआ है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल सहारनपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर मनिहारान पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि परिवार हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की सूचना पर मृतक चरण सिंह के परिजन सत्यदेव सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए और परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीन कुमार और चिकित्सा अधीक्षक रवि प्रकाश घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। आगे की जांच के बाद जिम्मेदारी तय कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव और परिजनों में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के सख्त पालन की मांग कर रहे हैं।





