उत्तर प्रदेश

नेशनल हाईवे पर महुए का पेड़ गिरा, रिटायर आईएफएस अधिकारी और पत्नी की मौत

SHIDDHANT
24 Aug 2025 9:07 PM IST
नेशनल हाईवे पर महुए का पेड़ गिरा, रिटायर आईएफएस अधिकारी और पत्नी की मौत
x

UP उत्तर प्रदेश : चित्रकूट जिले से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। कर्वी से सटे कालूपुर पाही के पास झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक स्कार्पियो वाहन के ऊपर भारी-भरकम महुए का पेड़ गिर गया। इस हादसे में बांदा जा रहे रिटायर आईएफएस अधिकारी दुर्गा प्रसाद द्विवेदी (80) और उनकी पत्नी मधु देवी (72) की मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, रिटायर अधिकारी अपना इलाज कराने बेटी के पास मुंबई गए थे और कई दिन वहां रुके। इलाज पूरा होने के बाद रविवार दोपहर वे ट्रेन से मानिकपुर स्टेशन पहुंचे। उन्हें लेने उनके बेटे अभिनव द्विवेदी (43), पौत्र अर्थ द्विवेदी (30) और चालक बबलू (40) मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर से स्कार्पियो से सभी बांदा लौट रहे थे, तभी अचानक नेशनल हाईवे पर महुए का पेड़ उनके वाहन पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटे, पौत्र और चालक को तुरंत बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने घटना स्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह क्षेत्र पेड़ों की अधिकता वाला है और बारिश या हवा के कारण कभी-कभी बड़े पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हालांकि, यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक रहा।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन ने हाइवे पर सुरक्षा और पेड़ों की नियमित जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। हादसे ने स्थानीय लोगों और परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। रिटायर अधिकारी और उनकी पत्नी की मौत की खबर से इलाके में सभी स्तब्ध हैं। प्रशासन ने परिवार को सहायता देने और घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।

Next Story